बसरेहर (संवाद )। बमनपुरा गांव में शादी वाले घर में सुबह आग लग गई। आग पर काबू करने के प्रयास में दुल्हन व उसकी मां झुलस गईं और करीब चार लाख का सामान जल गया। एक बकरी भी जलकर मर गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
बमनपुरा गांव निवासी बदन सिंह शाक्य की बेटी रश्मि की शुक्रवार को शादी थी। सुबह बरातियों व जनातियों के लिए पकवान बन रहे थे। उसी दौरान रसोई गैस सिलिंडर लीकेज होने से आग लग गई। कुछ हीदेर में आग पूरी घर में फैल गई। आग पर काबू करने के प्रयास में रश्मि और उसकी मां सरोज कुमार झुलस गईं। लोग घर से बाहर भागे। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। बदन सिंह ने बताया कि आग से 80 हजार रुपये, शादी में देने के लिए रखा बेड, अलमारी व कपड़े आदि सामान के अलावा गृहस्थी का सामान, तीन साइकिलें आदि जल गईं। एक बकरी की भी जलकर मर गई।
करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे बसरेहर थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी ने घटना की जानकारी आला अफसरों को दी। इधर, गृहस्थी और बेटी के दहेज का सामान जला देख बदन सिंह व उनके परिवार के लोग फफक पड़े। रिश्तेदारों ने हर संभव मदद का आश्वासन देकर ढांढस बंधाया।