जसवंतनगर। बिजली चोरी और राजस्व वसूली के लिए शुक्रवार सुबह बिजली विभाग और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। एसडीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में नगर के कई मोहल्लों में सघन चेकिंग हुई। टीम ने घर-घर पहुंचकर बिजली कनेक्शनों और आपूर्ति व्यवस्था की जांच की।
इस दौरान सात लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का प्राथमिकी दर्ज कराई गई। संयुक्त टीम में बिजली विभाग के एसडीओ राजेश कुमार, जेई कौशल पांडेय, जेई प्रमोद कुमार शामिल थे। विजिलेंस के जेई अजय बाबू और प्रभारी धर्मेंद्र कुमार भी टीम का हिस्सा रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को अवैध तरीके से बिजली उपयोग न करने की हिदायत दी।
उन्होंने चेतावनी दी कि कटिया डालकर पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई होगी। एसडीओ राजेश कुमार ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवाद