बढ़पुरा थाना पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मौके से एक देशी बंदूक और काफी संख्या में अधबने असलहे और उपकरण बरामद हुए हैं। पकड़े गए व्यक्ति ने बताया कि वह असलहा बनाकर इटावा के अलावा भिंड और मुरैना जिले में सप्लाई करता था। पुलिस असलहा सप्लाई करने वालों की तलाश कर रही है।
इस पुलिस कार्रवाई का खुलासा एसएसपी डा. राकेश सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से रूबरु होते हुए किया। उन्होंने बताया कि गुरुवार की सुबह बढ़पुरा थानाध्यक्ष कमलेश यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम परौली के पास बीहड़ में एक व्यक्ति झोपड़ी डालकर रहता है और असलहा बनाकर बेंचता है।
सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर छापा मारा तो एक देशी बंदूक के अलावा काफी मात्रा में अधबने असलहे बरामद हुए। पुलिस को असलहा बनाने के औजार भी मिले। पुलिस ने मौके से बद्रीनारायण उर्फ लल्ला पुत्र शंभू दयाल निवासी परौली को गिरफ्तार किया।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में बद्री नारायण ने बताया कि वह असलहा बनाने के बाद मुरैना, भिंड और इटावा जिले में सप्लाई करता था। पुलिस उन लोगों का पता लगा रही है जो इन असलहों की सप्लाई करते थे। प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी सर्वानंद यादव, सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा, सीओ जसवंतनगर अनिल कुमार भी मौजूद रहे।