लवेदी। सरकारी अनाज लेते हैं और अभी तक कोरोना का टीका नहीं लगवाया है, तो आपकी मुश्किल बढ़ सकती है। अनाज लेने से पहले ग्राहक का टीकाकरण प्रमाणपत्र राशन डीलर देखेंगे। यदि आपने कोरोना का टीका नहीं लगवाया, तो इसके लिए लिखित जवाब देना होगा।
इसके बाद ही राशन डीलर आपको अनाज देंगे। त्योहारी सीजन के चलते धीमी पड़ी टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए शासन ने नई पहल की है। उन्होंने पूर्ति विभाग के माध्यम से सभी कोटेदारों को मौखिक निर्देश जारी कराया, जिसमें सख्त निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं का टीकाकरण प्रमाणपत्र देखने के बाद ही उन्हें अनाज दिया जाए।
जिन उपभोक्ताओं अथवा उनके परिवार के किसी व्यक्ति ने अब तक टीका नहीं लगवाया है, उनसे लिखित जवाब लेने के बाद ही अनाज दिया जाए। जवाब में उपभोक्ता को यह स्पष्ट करना होगा किस तिथि तक परिवार का हर व्यक्ति टीका लगवा लेगा।
राशन डीलर उपभोक्ताओं से लिए लिखित जवाब की प्रति पूर्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग को भी मुहैया कराएंगे, जिससे गांव में टीकाकरण का शिविर आयोजित होने पर हर व्यक्ति को बुलाकर टीका लगाया जा सके।
पूर्ति निरीक्षक विवेक शाक्य ने बताया कि तमाम लोग लापरवाही से टीका नहीं लगवा रहे हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित करने के लिए कोटेदारों से मदद ली जा रही है। कोटेदारों के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग शत-प्रतिशत लोगों को टीका लगा सकेगा।