फोटो: 14 जरहौली गांव में खेतों के ऊपर झूलते 11 हजार लाइन के तार। संवाद
= जरहौली नलकूप की लाइन लटक रहे हैं काफी नीचे
= ट्रैक्टर चलाते समय हमेशा बना रहता है किसानों को खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
उदी। बढ़पुरा क्षेत्र के जरहौली नलकूप की 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के तार खेतों के ऊपर काफी नीचे लटक रहे हैं। स्थिति यह है कि खेतों में ट्रैक्टर चलाते समय तार सिर्फ कुछ ऊपर ही रह जाते हैं। इससे किसानों को हमेशा ही हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बिजली निगम से जल्द तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है।
किसान रामनरेश ने बताया कि खेतों में ट्रैक्टर चलाते समय बिजली के तारों से हमेशा ही खतरा बना रहता है। ऐसे में खेतों में कृषि कार्य करना जोखिम भरा बना हुआ है। किसान पप्पू ने बताया कि बिजली के तार नीचे लटकने की समस्या को लेकर कई बार बिजली निगम में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
11 हजार वोल्ट की लाइन के तार नीचे होने से खेतों में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने बिजली निगम से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर लाइन का निरीक्षण कराया जाए और तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर पहुंचाया जाए। किसानों की इस समस्या पर एसडीओ प्रेमचंद्र का कहना है कि जल्द से जल्द तारों को ऊंचाई पर कराया जाएगा।