चकरनगर। बलजुपुरा गांव में निर्माणाधीन घर के टिनशेड पर शनिवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा। टिनशेड के पाइप में करंट आने से उसके नीचे बंधी भैंस की मौत हो गई जबकि वहीं पास में ही खेल रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंचे लेखपाल और बिजली निगम के कर्मचारियों ने पहुंचकर जांच की।
गढैया गांव निवासी सेवाराम (72) पास के ही गांव बलजपुरा में अपना नया मकान बनवा रहे हैं। शनिवार दोपहर डेढ़ बजे अचानक ट्यूबवेल लाइन का 11 हजार वोल्टेज का हाईटेंशन तार टूटकर टिनशेड पर गिर गया। इससे टिनशेड के पाइप में करंट दौड़ गया और खूंटे से बंधी भैंस के छटपटाकर मौत हो गई। गनीमत रही पास में खेल रहे दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।
सेवाराम के अनुसार, भैंस की कीमत लगभग एक लाख रुपए थी। ग्राम प्रधान राम राघव ने बताया कि घरों के ऊपर और कई जगहों पर जर्जर तार और झूलती हुई बिजली लाइनें हैं जो कभी भी हादसे का कारण बन सकती हैं। एसडीओ अजय पाल गौतम ने बताया कि तार जुड़वा दिया गया है। तार टूटने का कारण पता कराया जा रहा है। राजस्व टीम की रिपोर्ट पर मुआवजा दिलाया जाएगा।