निवाड़ीकला। बकेवर थाना क्षेत्र के कस्बा निवाड़ीकला में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होने से बच गया। लुधियानी चौराहे पर एक तेज रफ्तार हार्वेस्टर मशीन ने सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के पोल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पोल दो टुकड़ों में होकर सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस समय पोल के नीचे कोई मौजूद नहीं था वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
हाईटेंशन लाइन का पोल गिरते ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हार्वेस्टर चालक मशीन को काफी तेजी से निकाल रहा था, तभी वह अनियंत्रित होकर पोल से जा टकराई। उस समय तारों में बिजली आपूर्ति चल रही थी। पोल गिरते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने हार्वेस्टर को रुकवा लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची अहेरीपुर चौकी पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। बिजली निगम के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और लाइन को पूरी तरह डिस्चार्ज किया ताकि कोई करंट की चपेट में न आए।
बिजली निगम के जेई मनोज कुमार ने बताया कि हार्वेस्टर की टक्कर से पोल क्षतिग्रस्त हुआ है। चालक की ओर से नया पोल लगवाया जा रहा है। इसके साथ ही चालक के खिलाफ पुलिस में भी प्रार्थनापत्र दिया जाएगा। ताकि आगे से ऐसी लापरवाही न करें।