इटावा। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 17 सितंबर से सघन क्षय रोगी खोज अभियान का तीसरा चरण शुरू हो गया है। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। अभियान के तहत श्रमिक बाजार, ईंट भट्टा, फल मंडी, सब्जी मंडी, साप्ताहिक बाजार, फुटपाथ पर रहने वाले व निर्माणाधीन भवनों में काम करने वाले श्रमिकों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
सोमवार तक 2600 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें लक्षण वाले 54 लोग चिन्ह्ति किए गए, जिसमें तीन टीबी रोगी मिले। दूसरे चरण में 175 लोग चिन्ह्ति किए गए थे, जिसमें 23 रोगी टीबी ग्रस्त पाए गए थे।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. बीएल संजय ने बताया कि जिले में सघन टीबी रोगी खोज अभियान तीन चरण में चलाया जाना है।
पहले चरण में वृद्धाश्रम, मदरसा आदि जगह सक्रिय रोगियों को खोज की गई। दूसरे चरण में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की मलिन बस्तियों में जांच की गई।
तीसरा चरण 30 सितंबर तक चलेगा। टीमें निरंतर जिले में घूम-घूमकर क्षय रोगियों की खोज कर रही हैं। उन्होंने बताया यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी आ रही हो, बुखार हो और वजन कम हो रहा हो तो टीबी अस्पताल में आकर जांच करा सकते हैं।
जिला समन्वयक कंचन तिवारी ने बताया तीसरे चरण में क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की टीमें चिन्ह्ति स्थानों पर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। अस्पताल आने वाले संभावित क्षय रोगियों की भी खोज की जा रही है।
उन्होंने बताया कि क्षय रोगियों का पंजीकरण कर उनके भुगतान की प्रक्रिया तेज की जा रही है। पंजीकृत क्षय रोगी के बैंक खाते में इलाज के दौरान 500 रुपये की पोषण राशि प्रतिमाह भेजी जा रही है।