इटावा। जिले के 97 लोगों ने बृहस्पतिवार को कोरोना से जंग जीती है तो वहीं 80 और नए संक्रमित इस महामारी के चपेट आए हैं। इनमें लाइनपार क्षेत्र विजयनगर के सर्वाधिक नौ लोग शामिल हैं।
जिले में अब तक मिले पॉजिटिव केसों की संख्या 3378 हो गई है। इनमें से 2551 ने कोरोना मात दी है। 781 लोग अभी इस महामारी से जूझ रहे हैं। 46 लोग जान गवां चुके हैं। बृहस्पतिवार को जिन 97 लोगों ने बीमारी को हराया है। उनमें 91 होम आइसोलेट और छह सैफई के अस्पताल में भर्ती थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को जिले भर से कुल 1871 सैंपल एकत्रित किए थे। इनकी जांच में ही 80 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें शहरी क्षेत्र के 52 और 28 ग्रामीण क्षेत्र के लोग शामिल हैं। विजय नगर क्षेत्र के सर्वाधिक नौ व भरथना के पांच लोगों के अलावा फ्रेंड्स कालोनी, यूपी यूएमएस सैफई, सीएचसी महेवा, सीएचसी राजपुर में तीन-तीन लोग और एडीएम आवास, राम नगर, कटरा टेकचंद्र, यूनियन समृद्धि बैंक, रेलवे कालोनी में दो-दो लोग संक्रमित पाए गए हैं।
भरथना क्षेत्र में तीन महिलाओं सहित पांच नए कोरोना मामले सामने आए हैं। बृहस्पतिवार को गिरधारीपुरा में एक महिला व उनके 19 साल के पुत्र व 20 साल की पुत्री, महावीर नगर में 29 साल की एक महिला और बाजपेई नगर में 26 साल का युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित दीक्षित ने बताया कि महावीर नगर की कोरोना संक्रमित पाई गई महिला सैफई पीजीआई सैफई में भर्ती है और शेष चार लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। पालिका के सफाई प्रभारी राजेंद्र सिंह की देखरेख में कोरोना संक्रमित पाए गए लोगों के घर व गली में बैरिकेडिंग के साथ दवा का छिड़काव भी किया गया। इस दौरान सभासद प्रतिनिधि सुशील पोरवाल उर्फ नानू का भी सहयोग रहा।