लवेदी। बकेवर थाना क्षेत्र के लखना कस्बा से 11 दिन पहले लापता हुए स्टेशनरी व्यापारी के छह वर्षीय बेटे शौर्य का शव सोमवार की रात लवेदी क्षेत्र में ही यमुना नदी के किनारे मिल गया। इसकी सूचना पाकर एसएसपी व एसपी ग्रामीण व शौर्य के परिजन मौके पर पहुंचे। शौर्य के चाचा व ताऊ ने ताबीज व कपड़ों से शव की पहचान की। शौर्य के गले व पेट पर चोट के निशान दिखाई दिए हैं, लेकिन एसपी का कहना है कि बच्चे की मौत कैसे हुई यह अभी पता नहीं चला है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शौर्य की मौत की सही वजह सामने आ सकेगी। शौर्य के पैर और शरीर के कई हिस्सों को जंगली जानवर खा गए हैं।
लखना के आदर्श नगर निवासी अवनीश द्विवेदी की क्षेत्र में ही स्टेशनरी की दुकान है। उनका बेटा शौर्य क्षेत्र के एक स्कूल में यूकेजी का छात्र था। वह 10 दिसंबर 2021 की शाम घर से खेलने के लिए जाने की बात कहकर निकला था। उसके बाद से शौर्य लापता था। परिजनों ने हर संभावित स्थान पर उसकी खोज की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अवनीश की तहरीर पर पुलिस ने शौर्य के अपहरण का मामला दर्ज किया था। तब से पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम उसकी तलाश में लगी थी। सोमवार शाम को लवेदी थाना क्षेत्र के सब्दलपुर गांव स्थित हमीरपुरा मंदिर का दर्शन करने के लिए इटावा शहर से एक दंपती आए थे। वह लोग शिव मंदिर में पूजा करने के बाद मंदिर के नीचे बह रही यमुना नदी के किनारे सेल्फी लेने के उद्देश्य से घूमने रहे थे। उसी दौरान नदी के किनारे उन्हें एक बच्चे का शव पड़ा नजर आया। युवक ने बच्चे के शव का फोटो खींचने के बाद इटावा क्राइम ब्रांच में तैनात परिचित एक सिपाही को वाट्सएप पर भेज दी।
इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। एसएसपी जय प्रकाश सिंह, एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह मौके पर पहुंच गए। शौर्य के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। शौर्य के ताऊ विकास दुबे व चाचा रजनीश दुबे ने ताबीज व नीली रंग की पजामी देखकर शव की शिनाख्त शौर्य के रूप में की। एसपी ने बताया कि मंगलवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम होगा। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह साफ होगी। परिजनों की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में शक के दायरे में आए कुछ लोगों पर नजर रखी जा रही है।
hatya- फोटो : ETAWAH