जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन बंसल ने रविवार को ग्राम प्रधान एवं ग्राम
पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन की समय सारणी घोषित की। उन्होंने कहा कि
नामांकन पत्रों की बिक्री से लेकर उन्हें दाखिल करने तक के कार्य संबंधित
विकास खंड मुख्यालय पर होंगे।
मतों की गिनती एवं परिणाम की घोषणा भी
संबंधित विकास खंड में निर्धारित मतगणना स्थल पर की जाएगी। इसके अलावा समय
सारणी के मध्य पड़ने वाले अवकाश दिवसों में भी निर्वाचन से संबंधित
कार्यालय खुले रहेंगे। इस बार मतदान की अवधि आधा घंटे कम कर दी गई है।
पहले
चरण में ताखा व भरथना ब्लाक क्षेत्र के प्रधान एवं सदस्य पद के लिए 16 व
17 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे। इनकी जांच 18
व 19 नवंबर को तक होगी। नाम वापसी 20 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक होगी। इसके
बाद इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे।
28 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम
साढ़े 4 बजे तक मतदान होगा। सभी चरणों की मतगणना 12 दिसंबर को सुबह 8 बजे
से कार्य की समाप्ति तक चलेगी। इसी प्रकार दूसरे चरण में सैफई व बसरेहर
ब्लाक क्षेत्र के उक्त पदों के लिए 19 व 20 नवंबर को नामांकन होंगे।
जांच
का काम 21 व 22 नवंबर को, नाम वापसी व प्रतीक चिन्ह आवंटन 23 नवंबर को और
मतदान 1 दिसंबर को होगा। तीसरे चरण में जसवंतनगर व बढ़पुरा ब्लाक क्षेत्र
के पदों के लिए 21 व 23 नवंबर को नामांकन दाखिल होंगे। जांच 24 व 26 नवंबर
को, नाम वापसी व प्रतीक चिन्ह आवंटन 27 नवंबर को और मतदान 5 दिसंबर को
होगा।