उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की चकबंदी लेखपाल परीक्षा रविवार को
जिले के 76 केंद्रों पर हुई। 72288 अभ्यर्थियों की काफी बड़ी संख्या को
देखते हुए इस परीक्षा को दो शिफ्ट में आयोजित किया गया। परीक्षा में कुल
करीब 30 फीसदी अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे।
परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से
संपन्न हुई। आसपास जिलों के युवक इस परीक्षा में शामिल हुए। लेखपाल परीक्षा
रविवार को दो पालियों में हुई। पहली पाली सुबह 11 बजे से 1 बजे तक और
दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली। परीक्षा केंद्र बनाए गए
शैक्षिक संस्थानों के बाहर सुबह 7 बजे से ही अभ्यर्थी खड़े नजर आए।
अभ्यर्थियों
की आवाजाही के चलते रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर खासी भीड़भाड़ रही।
परीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी एडीएम ईश्वरचंद्र विभिन्न केंद्रों पर जाकर
जायजा लेते रहे। उन्होंने बताया कि करीब 30 प्रतिशत अभ्यर्थी इस परीक्षा
में अनुपस्थित रहे हैं।