इटावा जिले में बढ़पुरा क्षेत्र के कृष्णा नगर में भाजपा नेता के घर में शनिवार देर रात आग लग गई। परिवार के साथ सो रहे भाजपा नेता की नींद खुली। तब तक लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में लिया। सूचना पर पहुंचे फायर कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उन्होंने किसी शरारती तत्व द्वारा आग लगाने की आशंका जाहिर की है। कृष्णा नगर निवासी भाजपा जिला मंत्री राहुल राजपूत ने बताया कि शनिवार रात वह पत्नी ज्योति, बेटे यश (10) व बेटी संतोषी (3) के साथ घर की पहली मंजिल में बने कमरे में सो रहे थे।
जबकि, ग्राउंड फ्लोर पर बने गैराज में कार, तीन बाइक व साइकिल खड़ी थी। देर रात करीब एक बजे गैराज में खड़ी गाड़ियों में आग लग गई। उनकी नींद खुली तो देखा कि आग की लपटें ग्राउंड फ्लोर से कमरे तक फैल चुकी थीं। उन्होंने पत्नी व दोनों बच्चों को जगाया और उन्हें लेकर मकान के पीछे के रास्ते से बाहर निकलकर अपने को बचाया।
करीब आधा घंटा बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब दो घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया। आग से कार, एक साइकिल व तीन बाइक के साथ ही पहली मंजिल में स्थित कमरों में लगा एलसीडी, फ्रिज, बिस्तर व अन्य कीमती सामान समेत पूरी गृहस्थी जल गई।
उधर, भाजपा नेता राहुल राजपूत ने करीब 25 लाख रुपये का नुकसान होने की जानकारी देते हुए किसी शरारती तत्व पर घर में आग लगाने का शक जताया है। एसएसपी डा.बृजेश कुमार सिंह, एसपी सिटी प्रशांत कुमार प्रसाद समेत कई अफसरों ने पहुंचकर जानकारी ली।