बकेवर। लखना कस्बा में चकरनगर मार्ग पर एक घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित व्यवसायी के कमरे में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस भीषण आग में हजारों रुपये का गृहस्थी का सामान और नकदी जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि आग लगने के समय घर का मालिक कमरे में मौजूद नहीं था, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
लखना कस्बे के नया नहर पुल पार चकरनगर मार्ग पर अशोक सविता उर्फ प्रधान के आवास पर है। वह मेलों में बच्चों के खिलौने बेचकर अपना जीवन यापन करते हैं, अपने भाइयों के साथ संयुक्त रूप से घर की ऊपरी मंजिल पर एक कमरे में रहते हैं। बुधवार को गंगा सागर से लौटने के बाद रात करीब आठ बजे के समय, अशोक खाना-पीना खाकर टहलने के लिए नीचे आए थे। इसी दौरान, उनके कमरे में आग लग गई। जब तक मोहल्ले के लोग आग बुझाने के लिए पहुंचते, तब तक आग ने कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया था।
आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में मौजूद तकिए के खोल में रखे 27 हजार रुपये नगद जल गए। इसके अतिरिक्त, लगभग 80 हजार रुपये मूल्य का अन्य गृहस्थी का सामान, जिसमें कपड़े, फर्नीचर और अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल थीं, भी आग की भेंट चढ़ गया। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय राजस्व टीम मौके पर पहुंची और जले हुए सामान का विस्तृत आंकलन करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है। इस घटना से पीड़ित परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।