संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। जनपद में कोरोना वैक्सीन किसी भी दिन आ सकती है। ऐसे में टीकाकरण का फाइनल रिहर्सल यानी ड्राई रन सोमवार को जिले में 13 केंद्रों के 38 बूथों पर आयोजित हुआ। जिसमें 570 की अपेक्षा 524 लाभार्थियों पर ड्राई रन किया गया।
जिला अस्पताल में दो स्थानों के अलावा शहर के कोकपुरा और मेडिकल केयर यूनिट के अलावा सैफई मेडिकल कालेज तथा सभी आठों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ड्राई रन किया गया। सीएमओ ने जिला पुरुष एवं महिला अस्पताल में ड्राई रन का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। सीएमओ ने आब्जर्वेशन रूम का जायजा के दौरान कमियां देखकर उसे अपने सामने पूरा कराया और ऑक्सीजन सिलिंडर इत्यादि कमी को दूर कराया। इस दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) की ओर से चेतन शर्मा, डॉ. सुशील कुमार आदि शामिल रहे।
जसवंतनगर में तीन बूथों पर किया गया ड्राई रन
जसवंतनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ.सुशील कुमार ने बताया यहां तीन बूथ बनाए गए। पूर्वाभ्यास के लिए लाभार्थियों को एसएमएस भेजा गया था। मैसेज में उन्हें कहां और किस टीकाकरण केंद्र पर कितने बजे पहुंचना है, इसकी जानकारी दी गई थी। तीनों बूथों पर 15:15 लाभार्थियों का ड्राई रन किया गया। उन्हें 30 मिनट बाद ही जाने दिया गया।
सैफई में भी वैक्सीन से पूर्व प्रतीकात्मक टीका लगाया
सैफई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैफई पर कोविड वैक्सिनेशन का ड्राई रन किया गया। उन्हीं लोगों को अंदर जाने दिया दिया गया जिनके नाम सूची में दर्ज थे। आईडी चेक करने के बाद तापमान मापा गया, हाथ सैनिटाइज किया गया। प्रतीकात्मक टीकाकरण के बाद लाभार्थी को 30 मिनट तक ऑब्जर्वेशन रूम में रखा गया। ऑब्जर्वेशन रूम में इमरजेंसी कक्ष बनाया गया। केंद्र प्रभारी डॉ. सुनील कुमार यादव ने बताया कि वैक्सीन का पहला डोज देने के बाद दूसरा डोज 28 दिन बाद दिया जाएगा, इसके लिए मैसेज आएगा। वैक्सीन लगने के बाद भी मास्क लगाने व शारीरिक दूरी के नियम का पालन करें। बुखार, उल्टी जैसी परेशानी होने पर घबराने की कोई बात नहीं है।
भरथना में एसडीएम ने किया ड्राई रन का निरीक्षण
भरथना। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर ड्राई रन का एसडीएम नम्रता सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीन कोल्ड चैन रूम और टीकाकरण बूथ स्थल का निरीक्षण किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित दीक्षित के अनुसार तीन बूथों पर 45 लोगों ने ड्राई रन में प्रतिभाग किया। चकरनगर के राजपुर स्थित सीएचसी पर 25 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक टीका लगाया गया। अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा ने बताया ड्राई रन सफलता पूर्वक हुआ।