इकदिल। कस्बा क्षेत्र में गेहूं क्रय केंद्र न खोले जाने पर आसपास क्षेत्र के किसानों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। बिरारी, इकदिल, दाईपुरा और चांदनपुर जैसे प्रमुख स्थानों पर हर वर्ष संचालित होने वाले क्रय केंद्र इस बार शुरू नहीं किए गए हैं। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही क्षेत्र में गेहूं खरीद केंद्र नहीं खोला गया तो वह इसके खिलाफ आंदोलन करेंगे।
किसानों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में अपना गेहूं दूर की मंडियों में ले जाकर बेचना पड़ रहा है। इससे परिवहन खर्च बढ़ जाता है और उपज का सही मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। हाल ही में आलू की फसल में नुकसान झेल चुके किसान अब गेहूं बिक्री को लेकर भी परेशान हैं। किसान रमेश चंद्र, शिशुपाल, कल्याण सिंह, सर्वेश शर्मा व अतर सिंह आदि किसानों ने बताया कि पिछले लगभग 20 वर्षों से यहां नियमित रूप से क्रय केंद्र खुलते रहे हैं, जिससे उन्हें काफी राहत मिलती थी। इस बार केंद्र न खुलने से स्थिति बेहद खराब हो गई है।
जखोली, दौलतपुर, महानेपुर, केशोपुर, इंधौआ, नावली सहित करीब 40 से 50 गांवों के किसान इस समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से क्षेत्र में जल्द से जल्द क्रय केंद्र खोलने की मांग की है। इस संबंध में एआर कॉपरेटिव आयुक्त कमलेश वर्मा ने बताया कि क्रय केंद्र जिला अधिकारी के स्तर से निर्धारित मानकों के अनुसार बनाए जाते हैं और पर्याप्त केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास फार्मर रजिस्ट्री है, वह निकटतम क्रय केंद्र पर जाकर अपनी फसल बेच सकते हैं।