फोटो संख्या 06 - इंस्पायर अवॉर्ड में चयनित उप्रावि प्रेम नगर का ईशू
- फोटो : ETAWHA
जसवंतनगर ब्लॉक के संकुल तिजौरा अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रेम नगर में कक्षा छह के छात्र ईशू के प्रोजेक्ट का चयन इंस्पायर अवॉर्ड में किया गया है।
प्रेम नगर निवासी ईशू के पिता शिव शंकर किसान हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रेम नगर के इंचार्ज प्रधान अध्यापक प्रवीण कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित इंस्पायर योजना में उनके विद्यालय के पांच बच्चों ने प्रतिभाग किया था।
इसमें कक्षा छह के ईशू को सफलता मिली है। ईशू ने दिव्यांग बच्चों के लिए मददगार यंत्र बनाने का आइडिया भेजा था जिसका चयन हो गया है। ईशू इस आइडिया पर प्रोजेक्ट बनाकर अगले चरण में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागिता करेगा।
ईशू की इस उपलब्धि पर सहायक अध्यापक सुशील बाबू व प्राथमिक विद्यालय प्रेम नगर के प्रधानाध्यापक रवि कुमार यादव आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।
इंस्पायर अवॉर्ड में डीपीएस इटावा के दो छात्रों का चयन हुआ है। डीपीएस की प्रधानाचार्य भावना सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के सभी (सीबीएसई व यूपी बोर्ड) विद्यालयों से पांच-पांच छात्रों ने प्रतिभाग किया था।
इनमें से कक्षा आठ के दिव्यांश सिंह व प्रिंस कुमार सिंह का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागिता के लिए चयन हुआ है। इन छात्रों ने भविष्य की सड़कें कैसी हों विषय पर हाईड्रॉलिक पंप से रोड बनाए जाने का एक विचार भेजा था। दूसरा विचार देश के सैनिकों के लिए मैग्नेटिक शूज (चुंबकीय जूते) परिकल्पना पर आधारित था।
शिक्षक पंकज रावत ने बताया कि इन दोनों विचारों पर आगे डिजिटल, चार्ट आदि फॉर्मेट में प्रोजेक्ट बनाकर ये बच्चे भेजेंगे। चयन होने पर दोनों छात्रों के खातों में सरकार ने 10-10 हजार रुपये भेजे हैं।