इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर टिमरुआ गांव के पास मंगलवार सुबह तेजी रफ्तार कार पोल से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार दंपति सहित तीन लोगों को मौत हो गई। जबकि ट्रेजरी अधिकारी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायय हो गए। मृतक दंपति ट्रेजरी अधिकारी के बहन व बहनोई व बेटी थी । घायलों को सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। दोनों परिवार मथुरा से शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर कार को हटवाया।
लखनऊ के रायबरेली रोड स्थित 73 डी शहीद नगर कॉलोनी निवासी ट्रेजरी अधिकरी सत्येंद्र कुमार (37) उनकी पत्नी रीता देवी (35), बेटी सिमरन सिंह (14 ), बेटी सृष्टि (12) एवं उनके बहनोई सुल्तानपुर जिले के चांदा निवासी अजय सिंह (36) व उनकी पत्नी संजू देवी (32) कार से मथुरा में आयोजित अपने दोस्त के शादी समारोह में गए थे। अजय सिंह परिवार सहित इन दिनों कानपुर के बर्रा तीन स्थित जनता नगर चौकी के पास किराये पर रहते थे। ये तीनों लोग मंगलवार तड़के मथुरा से वापस हुए।
कार अजय सिंह चला रहे थे। वे आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सैफई थाना क्षेत्र के टिमरुआ गांव के पास पहुंचे कि कार असंतुलित होकर पोल से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार सवार अजय सिंह, उनकी पत्नी संजू देेवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया।
मौके पर पहुंची पुलिस में कार में फंसे लोगों को मिनी पीजीआई भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने अजय सिंह, संजू देवी के अलावा सिमरन को भी मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों को भर्ती कर लिया। पुलिस की सूचना पर दोपहर बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के एक्सप्रेस वे पर टिमरुआ गांव के पास मंगलवार कसुबह हुआ हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ। ऐसा लग रहा कि उक्त लोग शादी में शामिल होने के बाद तड़के ही मथुरा से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। रात में नीद पूरी न होने के कारण कार हादसे का शिकार हो गई।
एक्सप्रेस-वे पर वैसे ही वाहन बेकाबू रफ्तार से दौड़ते हैं। जहां थोड़ी सी चूक होने के बाद लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। बताया गया कि सोमवार को ट्रेजरी अधिकारी सत्येंद्र सिंह परिवार के साथ शादी में शामिल होने के लिए मथुरा जा रहे थे। उन्होंने कानपुर में रहने वाले अपने बहनोई अजय कुमार सिंह व बहन संजू को भी साथ ले लिया। मथुरा में शादी में शामिल होने के बाद वह सभी लोग लौट रहे थे।
कार को अजय कुमार सिंह चला रहे थे। दिन में सफर करने व रात को शादी में शामिल होने के कारण वह लोग सो नहीं सके थे। ऐसा माना जा रहा है कि चालक अजय को अचानक झपकी आने के बाद कार बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ती हुई पोल से टकरा गई। कार जिस तरह से क्षतिग्रस्त हुई है उससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि कार की स्पीड भी काफी रही होगी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन भी अलग हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार की खिड़कियां खुलने से चालक अजय, उनकी पत्नी संजू व सिमरन बाहर जाकर गिर पडे़। सड़क पर गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एसओ सैफई महेशवीर सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।