फोटो 02:: कमरे में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
इटावा। शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला रोड स्थित खटखटा बाबा कॉलोनी में बृहस्पतिवार दोपहर मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में आग लग गई। कमरे से धुंआ और आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान मालिक अभिनंदन जैन ने बताया कि ईदगाह के पास उनकी वाहनों और अन्य सामग्री की प्रिंटिंग की दुकान है। दुकान का कबाड़ और प्रिंटिंग की खराब मशीन सहित अन्य सामान मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में रखा था। करीब दो महीने पहले उन्होंने मकान की छत पर सोलर सिस्टम लगवाया था। सिस्टम के कुछ बिजली के तार खुले थे। तारों को ठीक कराने के लिए वह संबंधित व्यक्ति से दो महीने से कह रहे थे।
आशंका है कि खुले तारों में शॉर्ट सर्किट होने से कमरे में आग लग गई। आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की टीम के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकते हुए उसे बुझा दिया। इससे पड़ोस के मकानों सहित मकान के नीचे हिस्से तक आग पहुंचने का खतरा टल गया।
प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।