कृषि महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन पर नारेबाजी करते कर्मचारी
- फोटो : ETAWAH
इटावा। चार माह से वेतन न मिलने के चलते बाबा साहब डॉ. बीआर आंबेडकर कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के शिक्षक व कर्मचारियों ने शनिवार को प्रशासनिक भवन पर ताला लगा दिया और धरने पर बैठ गए। जिसके चलते महाविद्यालय में शनिवार को बीटेक, डेयरी और फिशरीज इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राओं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं नहीं हो सकीं। कर्मचारियों ने ऐलान किया कि यदि आठ मार्च तक वेतन भुगतान नहीं हुआ तो 10 मार्च से होने वाली वार्षिक परीक्षाएं नहीं होने देंगे।
महाविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों को नवंबर से लेकर फरवरी माह तक का वेतन नहीं मिला है। इसको लेकर वे पहले भी ज्ञापन देकर भुगतान की मांग कर चुके हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति ने फोन पर 21 फरवरी तक तीन माह के वेतन भुगतान के मौखिक निर्देश दिए थे। इसके बाद भी वेतन नहीं मिला। कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट है। उनके बच्चों की पढ़ाई की फीस तक जमा नहीं हो पा रही है। शनिवार को शिक्षक, कर्मचारी गेट पर धरने पर बैठ गए। नारेबाजी करते हुए गेट पर ताला जड़ दिया। कॉलेज डीन डॉ. डी सिंह पहुंचे, उन्होंने कर्मचारियों को समझाया। जिसके बाद शाम को कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि वे सोमवार को काम पर लौट आएंगे। उन्होंने आठ मार्च तक का समय दिया है, चेतावनी दी कि यदि तब तक वेतन नहीं मिला तो 10 मार्च से परीक्षाएं नहीं होने देंगे।
डीन ने बताया कि बीटेक, फिशरीज और डेयरी के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं शनिवार से शुरू होनी थीं। हड़ताल के चलते न हो सकीं। अब दोबारा शेड्यूल जारी किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति को अवगत करा दिया गया। बताया कि वेतन शासन स्तर से अभी रिलीज नहीं हुआ। इसके लिए जिलाधिकारी के माध्यम से शासन से बात की जा रही है। हड़ताल में शिवराज सिंह, राजेश कुमार, विजय, सतीश, अमित कुमार, रघुवीर, रामनरेश, कमलेश, सुरेंद्र सिंह आदि कर्मचारी शामिल रहे।
प्रशासनिक भवन के परिसर में खड़े डीन डा.डी सिंह दाएं से पहले- फोटो : ETAWAH