पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद परिजन
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के औरैया में एक सड़क हादसे में घायल युवक को अस्पताल ले जाने वाले युवक को ही परिजनों ने पीट-पीटकर मार डाला। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
औरैया के अयाना थाना क्षेत्र के भैरापुर गांव निवासी राजेश राजपूत (45) पुत्र रामसेवक साथी विनोद कुमार (43) के साथ बाइक से इटावा में किसी रिश्तेदार के यहां पर आया हुआ था। शनिवार शाम को औरैया वापस जाते समय मुरादगंज रोड पर एक युवक सड़क किनारे किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल होकर पड़ा हुआ था। जिसे देखकर दोनों वहां पर रुक गए और उसकी मदद करने लगे।
तभी अचानक घायल हुए युवक के परिजन मौके पर आए और मदद कर रहे दोनों दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में राजेश राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे अजीतमल सीएससी पर पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल यूनिवर्सिटी सैफई रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।