इटावा। दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग पर लखनऊ से चलकर दिल्ली को जाने वाली गोमती एक्सप्रेस को गोविंदपुरी व नई दिल्ली में कार्य चलने के कारण 48 दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है। गोमती एक्सप्रेस रद्द होने से प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
गोमती एक्सप्रेस में कानपुर समेत अन्य स्टेशनों से इटावा में सरकारी और प्राइवेट कार्य करने वाले एमएसटी धारकों की संख्या तीन सौ के करीब है जो कि प्रतिदिन आवागमन करते हैं। गोमती एक्सप्रेस के रद्द हो जाने के कारण प्रतिदिन आवागमन करने वाले यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शहर के मोहल्ला रामनगर निवासी मनोज कुमार ने बताया कि वह इलेक्ट्रॉनिक का कार्य करते हैं जिसके सिलसिले में अक्सर आवागमन होता है। कम किराया होने तथा सीट मिलने के कारण वह गोमती से ही आते जाते हैं। वहीं बसरेहर क्षेत्र के ग्राम नगला छती निवासी मुन्नू सिंह ने बताया कि वह भी दिल्ली जाने के लिए गोमती को ही सहज मानते है। गोमती एक्सप्रेस लम्बे समय तक बंद होने के कारण परेशानियां होती है। अक्सर गोमती एक्सप्रेस को रद्द किया जा रहा है।
स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना ने बताया कि इस क्षेत्र में कोई कार्य नहीं चल रहा है। दिल्ली और गोविंदपुरी स्टेशन पर कार्य अवश्य किया जा रहा है। इसी कारण से गोमती एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है।