इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में अपराध तथा अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए 30 बीपीओ नियुक्त किए गए हैं। ये लगातार अपने-अपने क्षेत्र में होने वाले अपराधों पर पैनी नजर रखेंगे।
जसवंतनगर थाने में गुरुवार को हुई बीट अफसरों की बैठक में एएसपी सिटी डॉ. रामयश सिंह ने बताया कि व्यवस्था में तीन हजार लोगों पर एक बीट अफसर तैनात होगा। वह इलाके के संभ्रांत जनों के मोबाइल नंबरों का भी रिकॉर्ड रखेगा। वह सभी बीट सूचना पंजिका में लिखकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे। अपने हल्के में जमीन विवाद, पारिवारिक झगड़ा, जुआ, सट्टा, खनन, मादक पदार्थों की बिक्री जैसे पर भी रिपोर्ट आला अफसरों को देगा।
अब तक पुलिस आरक्षी की कोई जवाबदेही तय नहीं थी। इस वजह से कई अपराध क्षेत्र में होते रहते थे। इन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आरक्षियों की जवाबदेही तय करते हुए पायलट प्रणाली के तहत यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था में अब इनकी निगरानी पर्यवेक्षण प्रभारी निरीक्षक और सर्किल सीओ करेंगे। काम में शिथिलता पाए जाने पर इनके खिलाफ कार्यवाही होगी। बताया एक साल के लिए लागू की जा रही व्यवस्था बीच में नहीं बदलेगी अगर बहुत जरूरी न हुआ तो वही बीट कर्मी साल भर तक उसी क्षेत्र मे अपना काम करेगा। कहा कि बीच-बीच में कार्यों की समीक्षा की जाती रहेगी। यह कार्य एसएसपी करेंगे। बैठक में बीट अधिकारियों के साथ ही सीओ उत्तम सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह उपस्थित रहे।