साल 2015 का स्वागत करने के लिए हर कोई अपने-अपने अंदाज में तैयारी करने में जुटा हुआ है। इस वर्ष सैफई का न्यू ईयर जश्न सब पर भारी पड़ेगा। शहर भर के होटल महोत्सव के कारण फुल होने से न्यू ईयर सेलेब्रेशन सड़कों पर ही करना पड़ेगा। शहर के करीब-करीब सभी डीजे बुक हो गए हैं।
न्यू ईयर जश्न मनाने को हर कोई बेताब है। जश्न ऐसा जिसमें कोई कमी न हो। जश्न को लेकर युवा सबसे ज्यादा उत्साहित हैं। वैसे तो जिले में जगह-जगह न्यू ईयर का जश्न होगा, लेकिन सैफई का जश्न सब पर भारी पड़ेगा। सैफई महोत्सव में न्यू ईयर की शाम गीताजंलि शर्मा के बृज नृत्य, लंगा गायन और टीवी कलाकार सुप्रिया जोशी एवं शशि सुमन अपने जलवा बिखेरेंगे।
रात 12 बजते ही सतरंगी आतिशबाजी के साथ न्यू ईयर का स्वागत किया जाएगा। पीजीआई के फैकल्टी मेंबर के साथ एमबीबीएस स्टूडेंट्स और पैरामेडिकल के छात्र-छात्राएं भी न्यू ईयर की महफिल सजाने को बेकरार हैं। होटलों में जगह न मिलने से शहरवासियों का न्यू ईयर थोड़ा फीका रह सकता है।
सैफई महोत्सव के चलते शहर के सभी होटल बुक हैं। यही कारण है कि किसी भी होटल तथा रेस्टोरेंट ने युवाओं को लुभाने के लिए कोई तैयारी नहीं की है। ऐसे में मोहल्लों के पार्कों तथा मैरिज हाउसों की बुकिंग कराई गई है। शहर के अधिकांश डीजे सेट 31 दिसंबर की रात से ही बुक है।
कार्ड से गुलजार हुए शहर के बाजार
ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए गिफ्ट सेंटरों पर नए नए आइटमों का स्टाक किया गया है। गिफ्ट सेंटरों पर आकर्षक काफी मग, कैंडल स्टैंड, कपल्स म्यूजिक लाइट, फोटो फ्रेम का स्टाक किया गया है। इस बार म्यूजिक ग्रीटिंग युवाओं को विशेष तौर पर पसंद आ रहा है। इसकी कीमत 350 से 500 रुपये तक है। गुलदस्तों की कीमत भी दो सौ से लेकर 1500 तक है। नव वर्ष पर शहर में 20 कुंतल गेंदा और गुलाब के फूल बिकने की संभावना है।
मंदिर और चर्च में होगी विशेष प्रार्थना
नव वर्ष पर शहर भर के मंदिरों में विशेष पूजा की तैयारी की जा रही है। मंदिरों में भगवान की प्रतिमाओं का शृंगार किया जा रहा है। शहर की क्राइस्ट चर्च में भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यहां मोमबत्तियां जलाकर देश में शांति बनाए रखने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की जाएगी। पादरी जगत सिंह ने सभी से प्रार्थना में भाग लेने की अपील की है।
आतिशबाजी की दुकानें भी सजी
नव वर्ष पर बड़ी संख्या में युवा आतिशबाजी चलाकर जश्न मनाते हैं। 31 दिसंबर को रात 12 बजते ही शहर में आतिशबाजी शुरू हो जाती है। करीब दो बजे तक धूमधड़ाम होता है। बिक्री को ध्यान में रखते हुए आतिशबाजी कारोबारियों ने तैयारी कर ली है।
आईएमए नहीं मनाएगा न्यू ईयर जश्न
इस वर्ष आईएमए न्यू ईयर जश्न नहीं मनाएगा। आईएमए सचिव डा. एससी गुप्ता ने बताया कि हाल ही में आईएमए अध्यक्ष डा. मनोहर सिंघल पर हमला हुआ था। इसके चलते आईएमए किसी तरह का जश्न नहीं मनाएगी। डॉ. सिंघल के हमलावरों पर कार्रवाई होने के बाद ही जश्न मनाया जाएगा।
नव वर्ष पर हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं
न्यू ईयर की रात पुलिस का सड़कों पर कड़ा पहरा रहेगा। एएसपी ने अपील की है कि जश्न मनाए और कानून व्यवस्था बनाए रखें। एएसपी सर्वानंद यादव ने कहा कि जश्न के लिए कानून तोड़ने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। सड़कों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। शराब के नशे में वाहनों का संचालन न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस भी अलर्ट रहेगी। होटल, रेस्टोरेंट, वाइन शॉप, बीयर बार पर विशेष नजर रखी जाएगी। हुड़दंग मचाने तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।