ूछताछ खिड़की पर ट्रेन की जानकारी लेते यात्री। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। गोमती एक्सप्रेस ट्रेन लगातार दूसरे दिन रद्द होने से यात्रियों को परेशानी बढ़ गई है। सुबह शाम इस ट्रे से इटावा के ज्यादातर यात्री अप-डाउन करते हैं। समय पर पहुंचने के लिए ज्यादातर यात्रियों ने बस से यात्रा की।
गोमती एक्सप्रेस से दिल्ली, अलीगढ़ जाने वाले यात्री गुरुवार सुबह करीब नौ बजे स्टेशन पहुंच गए थे। काफी देर तक ट्रेन की स्थिति की घोषणा न होने पर पूछताछ खिड़की पर जानकारी की, तब पता चला कि ट्रेन रद्द कर दी गई है। अगली ट्रेन लगभग छह घंटे बाद महानंदा आएगी।
यही स्थिति शाम को भी रही। लखनऊ जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे मोनू ने बताया कि स्टेशन आने पर गोमती एक्सप्रेस रद्द होने की जानकारी हुई है। अगली ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। सुमित और सौरभ ने बताया कि लखीमपुर जाना है। अगले चार घंटे तक कोई ट्रेन नहीं है।
एमएसटी वालों को सबसे ज्यादा परेशानी
नौरंगाबाद के रहने वाले अभिनव यादव फिरोजाबाद में एक कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने एमएसटी बनवा रखी है। सुबह गोमती से जाते हैं और शाम को आते हैं। दो दिनों से ट्रेन रद्द रहने की वजह से बस से जाना पड़ रहा है। उधर, औरैया निवासी आलोक वर्मा ने बताया कि वह यहां एक सरकारी कार्यालय में कार्यरत हैं। रोज गोमती एक्सप्रेस से अप-डाउन कर लेते थे, लेकिन ट्रेन रद्द होने से दो दिन से बस से जाना पड़ रहा है। समय अधिक लग जाता है ऐसे में घर से जल्दी निकलना पड़ता है।
प्लेटफार्म नंबर तीन पर लखनऊ की ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री। संवाद- फोटो : ETAWAH