भरथना। कोतवाली क्षेत्र के नगला सबल गांव स्थित घर के पास पुलिस टीम शस्त्र जमा न करने व लाइसेंस का नवीनीकरण न कराए जाने की जांच करने पहुंची। इसी बीच घर में मौजूद महिलाओं व पुलिस कर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने दो महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
कोतवाली प्रभारी बचन सिंह सिरोही ने बताया कि सोमवार रात को एसएसआई दीपक कुमार, एसआई नागेंद्र व मंगल सिंह पुलिस टीम के साथ नगला सबल गांव में महावीर फौजी के घर गए थे।
महावीर के पिता रघुनाथ की सिंगल बैरल 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक के बारे में पूछताछ की। लाइसेंस धारक रघुनाथ की वर्ष 2014 में मौत के बाद से शस्त्र जमा नहीं किया गया और न ही लाइसेंस का नवीनीकरण कराया गया।
पुलिस ने बंदूक घर से लाकर देने को बोला तो घर की महिलाओं ने विरोध किया। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। पुलिस ने घर से बरामद कर महावीर फौजी, उनकी पत्नी रामा देवी व बहू रूपाली यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।