गोदाम में चोरी गए सामान की जानकारी देते व्यापारी नेता
- फोटो : ETAWAH
इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पंचशील पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित व्यापारी नेता के कबाड़ गोदाम से चोरों ने दो ऑक्सीजन सिलिंडर, मोटर पार्ट्स समेत करीब 80 हजार रुपये का सामान पार कर दिया।
सिविल लाइन व जसवंतनगर कोतवाली पुलिस रात करीब आठ बजे तक सीमा विवाद में उलझी रही। अंत में मामला सिविल लाइन थाने का निकला।
लालपुरा निवासी शैलेश जैन उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला महासचिव हैं। वह कबाड़ का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि पंचशील पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर उनका कबाड़ का गोदाम है।
करीब चार बाद रविवार सुबह वह गोदाम पहुंचे तो दो ऑक्सीजन गायब थे। चोरी की आशंका पर गोदाम में अन्य सामान चेक किया। मोटर पार्ट्स, बैटरी, कमानी समेत अन्य सामान भी नहीं था। बताया कि वह पुलिस विभाग का नीलामी का सामान खरीदते हैं। चोर करीब 80 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए है।
सिविल लाइन व जसवंतनगर थाना पुलिस रविवार सुबह करीब दस बजे छानबीन करने पहुंची। दोनों थानों की पुलिस एक-दूसरे का क्षेत्र होने की बात बोलते हुए पल्ला झाड़ने में लगी रही। रात करीब आठ बजे सीमा विवाद झुलसा। घटना क्षेत्र सिविल लाइन थाने का निकला। व्यापारी नेेता ने गोदाम में चोरी की तहरीर सिविल लाइन थाने में दी।
आरोप है कि पुलिस ने तहरीर ली लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज की। व्यापार मंडल के सदर अध्यक्ष आलोक दीक्षित ने बताया कि चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस सुबह से रात तक सीमा विवाद में उलझी रही। तहरीर दी गई तो पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। मामले में एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह से शिकायत कर अवगत कराया जाएगा।