इकदिल। थाना क्षेत्र के नगला तार गांव में शनिवार देर रात चोर असलहा लेकर किसान के घर में बदमाश घुस गए। उन्होंने महिला को जान से मारने की धमकी देकर कमरे में रखे बक्सों का कुंडा तोड़कर दो लाख रुपये के जेवर व एक लाख रुपये की नगदी लूट ली। आरोप है कि आहट सुनकर उठे परिजन पुलिस को फोन मिलाते रहे लेकिन कॉल नहीं रिसीव हुई।
नगला तार गांव निवासी किसान राजेंद्र सिंह की पत्नी अंजू देवी ने बताया कि वह परिवार के सदस्यों के साथ घर की छत पर सो रही थी। रात करीब तीन नीचे कमरे से खटपट की आवाजें सुनाई दी।
वह उठी और जंगले से नीचे झांककर देखा तो तमंचा लिए लड़का बोला कि यहां से हट जा नहीं तो गोली मार देंगे। वह चोर-चोर कहकर शोर मचाने लगी तो पति व बेटी जाग गए। वह नीचे उतरने लगे तो बदमाशों ने सीढ़ियों का दरवाजा बंद कर दिया।
इसके बाद बदमाश घर के पीछे का दरवाजा खोलकर खेतों के तरफ भाग गए। उन लोगों ने रात को ही डॉयल 112 पर कॉल किया। आरोप है कि कई बार कॉल करने पर जब रिसीव नहीं हुई तो किसान इकदिल थाने पहुंचे और घटना की सूचना दी।
सूचना के कुछ देर बाद थाना प्रभारी रमेश सिंह मौके पर पहुंचे और जानकारी सीओ भरथना विजय सिंह को दी। सीओ फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे और गृहस्वामी व आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की।
किसान ने बताया कि चोर बक्से में रखे एक लाख रुपये नगद और दो सोने की चेन, सोने की तीन अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, चांदी की एक चांदी की पायल समेत तीन लाख का सामान चोरी कर ले गए है।
नवरात्र में बेटी की शादी के लिए वह रुपये व जेवर जोड़ रहे थे। फील्ड यूनिट ने बिखरे समान में फिंगर प्रिंट लिए। अंजू ने बताया कि पति कोल्ड स्टोरेज से बेचे हुए आलू के रुपये लाए थे, रुपयों को सोमवार को बैंक में जमा करना था।
वहीं चोरों ने दो घरों के कमरों में चोरी करने प्रयास किया, लेकिन कमरों में भूसा भरा होने पर वह असफल रहे थे। सीओ भरथना ने बताया रिपोर्ट दर्जकर चोरों की तलाश की जाएगी।
फोटो संख्या 37- घर में बिखरा पड़ा सामान व खुले बक्सें- फोटो : ETAWAH