इटावा। शुक्रवार को हुई बारिश फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के शांति कालोनी निवासी अंकुश (16) के लिए काल बन गई। घर में भरा बारिश का पानी निकालते समय वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शांति कालोनी निवासी राममौज ट्रक चालक है। वह मूलरूप से महेवा के विन्नायपुर गांव के रहने वाले हैं। उनके भतीजे मोहित ने बताया कि शुक्रवार सुबह राममौज अपनी पत्नी की दवा लेने फिरोजाबाद गए थे।
घर में बेटे अंकुश, अमन व छोटा बेटा था। अंकुश कक्षा सात का छात्र था। सुबह से हो रही बारिश की वजह से उनके घर में पानी भर गया था। बारिश में अंकुश के दोनों भाई बाहर नहा रहे थे।
अंकुश घर में घुसे पानी को बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान पानी कूलर की तरफ चला गया। कूलर की मोटर का तार कटा होने के कारण पूरे घर में करंट फैल गया और वह करंट की चपेट में आ गया। दोनों भाइयों ने अंकुश को पानी में पड़ा देख जानकारी पड़ोसी रिश्तेदार मोहित के परिजनों को दी।
परिजन बालक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिश्तेदारों ने जानकारी किशोर के माता-पिता को दी। थाना प्रभारी गगन कुमार गौड़ ने बताया कि करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत हुई है।