आंधी-पानी की वजह से रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़
- फोटो : ETAWAH
इटावा। झमाझम बरसात से गुरुवार को दिल्ली-हावड़ा रेल ट्रैक भी प्रभावित हुआ। तेज हवा व बारिश होने के दौरान सुबह10:40 बजे यूकेलिप्टस का पेड़ ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रिक) लाइन पर गिरने से अप और डाउन का ट्रैक बाधित हो गया।
इसके चलते दोनों ट्रैक पर आने वाली राजधानी एक्सप्रेस समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनें रोकनी पड़ीं। लगभग पौने दो घंटे बाद लाइन दुरुस्त होने के बाद पहली ट्रेन दोपहर 12:24 बजे गुजारी हुई।
स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना के मुताबिक इटावा रेलवे स्टेशन पर डाउन लाइन पर कानपुर की ओर जाने वाली जोधपुर-हावड़ा, कालका व नीलांचल एक्सप्रेस खड़ी रहीं। हालांकि इन तीनों ही ट्रेनों का ठहराव रेलवे स्टेशन पर है।
उधर, इकदिल संवाद न्यूज एजेंसी के अनुसार दिल्ली की ओर जाने वाली अप लाइन पर इकदिल साम्हो रेलवे स्टेशन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस व इकदिल रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस खड़ी रही।
इस वजह से अतिविशिष्ट ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैक बहाल होने में लगभग एक घंटे से ज्यादा का समय लगा। इसके बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू हो सका।