इटावा। छैराहा स्थित श्री राधा बल्लभ मंदिर में मंगलवार को श्रीराधा अष्टमी धूमधाम से मनाई गई। मंदिर में सभी कार्यक्रम ब्रज की परंपरा के अनुसार हुए।
गर्भगृह में महंत गोस्वामी प्रकाश चंद्र ने पूजा अर्चना के बाद श्रीराधा रानी का महाभिषेक किया। उन्हें 56 भोग अर्पित किया गया। मंदिर में भजन कीर्तन की धूम रही। बधाई गीतों पर महिलाओं ने नृत्य किया।
मंदिर के महंत प्रकाश चंद्र ने भक्तों को श्रीराधा अष्टमी के महत्व व श्रीराधा नाम की महिमा के बारे में विस्तार से बताया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के 16वें दिन श्रीराधा रानी का जन्मोत्सव मनाया जाता है।
शाम को भव्य फूल बंगला सजाकर श्रीराधा बल्लभ लालजू महाराज व श्रीराधारानी का शृंगार किया गया। एक शाम राधारानी के नाम भजन संध्या कार्यक्रम में वृंदावन से आई योगेश प्रभु की मंडली ने हरिनाम संकीर्तन किया।