इटावा। अवर अभियंताओं का ग्रेड पे 4800 सौ से बढ़ा कर 5400 किए जाने समेत 18 मांगों को लेकर सोमवार को राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के बैनर तले अवर अभियंताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर उपवास रखा। इसके साथ ही मांगों संबंधी ज्ञापन अधीक्षण अभियंता को सौंपा।
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन की मांग है कि अवर अभियंता के ग्रेड वेतन 48 सौ के वेतनमान को 54 सौ किया जाए। अवर अभियंता से सहायक अभियंता पद पर प्रोन्नत कार्मिकों, जिनके तृतीय एसीपी के आदेश एक जनवरी 20 से 16 अगस्त 21 जो निर्गत किए जा चुके हैं।
उनका वेतन निर्धारण निगम/ कारपोरेशन में ग्रेड वेतन 87 सौ में निर्धारित कर वेतन पर्ची जारी की जाए। 2020 के बाद उप्र ऊर्जा के समस्त निगमों के सेवा में आए कार्मिकों पर पुरानी पेंशन योजना व्यवस्था की बहाली किए जाने जैसी अन्य मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा कोरोना संक्रमण से दिवंगत विद्युत कर्मिकों, जूनियर इंजीनियरों, अभियंताओं के परिजनों को राज्य सरकार आर्थिक अनुग्रह राशि के रूप में 50 लाख रुपये का भुगतान जल्द करे। उप्र ऊर्जा के समस्त निगमों में चिकित्सा के लिए कैशलेश व्यवस्था तत्काल लागू किए जाने समेत अन्य मांगें शामिल हैं।
इस दौरान संगठन की ओर से शक्ति भवन लखनऊ के उच्चाधिकारियों को संबोधित 18 सूत्रीय मांग पत्र विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता को सौंपा गया। इसकी प्रतिलिपि राज्य विद्युत परिषद जूनियर संगठन लखनऊ के केंद्रीय अध्यक्ष, महासचिव, दक्षिण विद्युत निगम लिमिटेड आगरा के अध्यक्ष व सचिव तथा कानपुर क्षेत्र कानपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष को भी भेजी है।
उपवास में सहभागिता करने वाले संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों में अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जनपद सचिव योगेंद्र कुमार, प्रचार सचिव वीरेंद्र कुमार, संगठन सचिव सुनील कुमार, रघुनाथ सिंह, जितेंद्र सिंह, राजेश प्रसाद, शिवम शर्मा, सर्वेश कुमार आदि रहे।