चकरनगर। सहसों थाना क्षेत्र के हनुमंतपुरा चौराहे के पास रहने वाले एक हिस्ट्रीशीटर का शव रविवार सुबह कमरे में पंखे के कुंडे पर मां की साड़ी के सहारे फांसी के फंदे पर लटकता मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर ने अपने व्यक्तिगत कारणों से आत्महत्या की।
हनुमंतपुरा चौराहे के पास रहने वाले लाल जी गुर्जर (27) सहसों थाने से हिस्ट्रीशीटर था। उसकी हिस्ट्रीशीटर संख्या 34ए है। परिवार में मां देवीश्री, बड़ा भाई जितेंद्र व छोटा भाई सोनू है।
जितेंद्र ने बताया शनिवार रात करीब नौ बजे लाल जी घर आया। वृद्ध मां को ऊपर वाले कमरे में सोने के लिए छोड़कर वह अपने कमरे में चला गया था। मां को दिखता कम है।
रविवार सुबह वह लाल जी के कमरे के पास से निकली, तो दरवाजा खुला था। उसने अंदर देखा, तो लालाजी का शव पंखे के कुंडे पर उनकी साड़ी के सहारे लटका था।
यह देख मां जोर-जोर से रोने लगी, उनकी चीत्कार सुनकर पहुंचे परिजनों ने शव फांसी के फंदे पर लटका देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और परिजनों व आसपास रहे वाले लोगों से पूछताछ की।
सीओ भरथना विजय सिंह ने बताया कि लाल जी सहसों थाने से हिस्ट्रीशीटर था। उस पर रेप, लोगों को धमकाकर वसूली करना, अवैध असलहे लेकर घूमना, गुंडा एक्ट समेत करीब छह मुकदमे दर्ज थे। उसकी शादी नहीं हुई थी।
वह हिस्ट्रीशीट खुलने व जेल जाने के डर से परेशान था। आत्महत्या के कारण का पता नहीं है। रात को परिजनों के बीच झगड़ा भी नहीं हुआ था। हिस्ट्रीशीटर ने आत्महत्या किन परिस्थितियों में की इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
शराब पीकर आता था घर, होता था झगड़ा
ग्रामीणों के मुताबिक लाल जी गुर्जर अक्सर घर में शराब पीकर जाता था। इस पर परिजनों से उसका झगड़ा भी होता था। रविवार सुबह करीब पांच बजे उसका परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद उसने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा आत्महत्या कर ली।
फोटो:: फोटो संख्या 13- मृतक हिस्ट्रीशीटर लाल जी गुर्जर की फाइल फोटो- फोटो : ETAWAH