इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के इटावा-बरेली हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात को बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। जबकि उसकी शिक्षिका पत्नी व दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को सैफई ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
भरथना के बृजराज नगर निवासी किसान राजीव पाल उर्फ लालू (29) मूलरुप से चौबिया के आडमपुरा के रहने वाले है। इनकी पत्नी रश्मि भरथना स्थित एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका है।
रश्मि ने बताया कि वह फ्रेंड्स कालोनी के हरिपुरा निवासी बहन प्रतिमा का प्रसव बसरेहर सीएचसी में हुआ था। वह पति के साथ बाइक से बहन को देखने अस्पताल गई थी।
रात को घर लौटते समय करीब दस बजे इटावा-बरेली हाईवे पर पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाकर वह घर की ओर जा रहे थे। पंप के पास उनकी बाइक में सामने से आ रहे बसरेहर कस्बा निवासी बाइक सवार अमन ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दंपती व युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को बसरेहर सीएचसी में भर्ती कराया।
यहां से डॉ. विकास सचान ने दंपती को सैफई ट्रामा सेंटर भेजा, जहां पर डॉक्टरों ने राजीव को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राजीव यादव ने बताया कि हादसे में राजीव पाल की मौत हुई है, उनकी पत्नी की हालत स्थिर है। क्षतिग्रस्त बाइकें हाईवे से हटवाकर थाने में खड़ी कराई गई हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।