इटावा। एसएसपी के निर्देश पर सिविल लाइन थाने में बुधवार को केनरा बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक के खिलाफ नौ करोड़ 25 लाख रुपये गबन करने का मुकदमा दर्ज हुआ। आवास विकास के अधिशासी अभियंता ने शाखा प्रबंधक पर आवास विकास के खाते से धोखाधड़ी कर रुपये लेनदेन का आरोप लगाया है।
एसएसपी के निर्देश पर दर्ज मुकदमे में अधिशासी अभियंता आवास विकास परिषद प्रदीप कुमार ने बताया कि केनरा बैंक में आवास विकास का खाता संचालित है। तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने धोखाधड़ी व कूटरचित तरीके से वर्ष 2018 व 2019 में आवास विकास के केनरा बैंक में संचालित खाते से अलग-अलग तिथियों में नौ करोड़ 25 लाख रुपये निकाल लिया।
अक्टूबर माह में धोखाधड़ी कर रुपये निकासी की जानकारी होने पर अधिशासी अभियंता ने सिविल लाइन थाने में केनरा बैंक के तत्कालीन प्रबंधक की शिकायत की थी। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने एसएसपी आकाश तोमर को प्रार्थना पत्र दिया। सिविल लाइन थाना के एसएसआई अमान ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर केनरा बैंक के तत्कालीन बैंक मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई राम किशुन वर्मा को सौंपी गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।