जसवंतनगर(इटावा)। बलरई थाना क्षेत्र के भोगनीपुर नहर से निकली खारजा झाल में गुुुरुवार दोपहर 15 वर्षीय किशोर का शव व बाइक बरामद हुई। ग्रामीणों व परिजनों ने गोताखोरों की मदद से शव व बाइक को झाल से निकलवाया। पुलिस को किशोर के पास से पांच हजार रुपये व मोबाइल बरामद हुआ है। किशोर बुधवार दोपहर से लापता था।
बलरई के नगला तौर निवासी उदयवीर सिंह का 15 वर्षीय बेटा अभिषेक पाल हाईस्कूल का छात्र था। परिजनों ने बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब दो बजे बाइक से बलरई स्थित एक बैंक में रुपये निकालने गया था। तब से वह घर नहीं लौटा था। परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन वह नहीं मिला। फोन भी बंद था। इसके बाद परिजनों ने गुरुवार को बलरई थाने में किशोर की गुमशुदगी दर्ज कराई। तभी ग्रामीण व परिजन किशोर को ढूंढते हुए भोगनीपुर नहर से निकली खारजा झाल के पास पहुंचे और खोजबीन की। परिजनों को झाल में बाइक लोहे के कांटों में उलझी मिली। ग्रामीणों ने झाल के अंदर अभिषेक की गिरने की आशंका जताते हुए गोताखोरों के तलाश करने को बोला और पुलिस को सूचना दी। गोताखोरों ने मशक्कत कर झाल के अंदर से किशोर का शव बरामद किया।
सूचना पर जसवंतनगर क्षेत्राधिकारी मस्सा सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह, बलरई थानाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। सीओ मस्सा सिंह ने बताया कि किशोर की जेब से पांच हजार रुपये व मोबाइल मिला है। प्राथमिक जांच में हादसा लग रहा है। तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी।