महेवा(इटावा)। ग्राम पंचायत पेवली में सचिव के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर दो लाख से अधिक की धनराशि फर्म को देने का मामला प्रकाश में आया है। पूर्व सचिव ने थाना बकेवर में तहरीर दी है।
ग्राम पंचायत पेवली की तत्कालीन सचिव लक्ष्मी भदौरिया ने थाना बकेवर में बुधवार की शाम प्रार्थना पत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि प्रधान के छोटे भाई प्रतिनिधि के रूप में कार्य देखते हैं। उन्होंने 23 व 24 दिसंबर को चेक पर उनके फर्जी हस्ताक्षर बनाकर दो लाख पांच हजार रुपये का भुगतान अलग-अलग फर्मों को कर दिया। खंड विकास अधिकारी सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जिसके बारे में सहायक विकास अधिकारी पंचायत से जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी बकेवर जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। बता दें कि अनियमितता पर तत्कालीन सचिव लक्ष्मी भदौरिया को सीडीओ निलंबित कर चुके हैं।