चकरनगर(इटावा)। चकरनगर ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट आदि का फर्जी भुगतान करने में संलिप्त ग्राम पंचायत सचिव के विरुद्ध थाना बिठौली में मामला दर्ज कराया गया है। इससे पहले पंचायत प्रतिनिधियों को वसूली का नोटिस भेजा गया है।
जिला विकास अधिकारी/ खंड विकास अधिकारी चकरनगर दीनदयाल ने बताया कि ग्राम पंचायत बिठौली, अनैठा, लल्लूपुरा चोरेला के ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर ग्राम पंचायत सचिव ने आठ लाख 48 हजार रुपये खर्च किए। सरकारी धन से कूड़ा दान, हैंडपंप रिबोर, इमारत निर्माण के काम होने थे। मौके पर काम नहीं हुआ और फर्जी कागजात लगाकर पंचायत के खाते से धन आहरित कर लिया गया। मामले की जांच के बाद ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को सरकारी धन वापसी के लिए पंचायती राज व्यवस्था के तहत प्रथम दृष्ट्या नोटिस बृहस्पतिवार को ही जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों आधी धनराशि की वसूली की जाएगी। शेष धनराशि सचिव से वसूल होगी।
थाना अध्यक्ष विठौली अनिल मणि त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव शिव वीर सिंह सेंगर के विरुद्ध सरकारी धन का दुरुपयोग करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।