इटावा। सिविल थानाक्षेत्र स्थित राजा के बाग के पास करीब 20 दिन पहले कार सवार युवकों ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी थी। विरोध करने पर कार सवार आरोपियों ने बाइक चालक की पीटकर कर हत्या कर दी थी, उसका साथी घायल है। पुलिस ने मामला हत्या में दर्ज करने के बाद भी कार्रवाई नहीं की। परेशान युवक के परिजनों ने रविवार दोपहर मार्च निकालकर न्याय की मांग की। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
रविवार शाम को सिविल लाइन के विजयपुरा निवासी ग्राम प्रधान उदय प्रताप सिंह ने बताया कि करीब 20 दिन पहले भतीजा अखिल बाइक से रूरा गांव निवासी मित्र गंगा सिंह उर्फ सूरज के साथ इटावा जा रहा था। राजा के बाग के पास पहुंचने पर कार सवार युवकों ने भतीजे की बाइक में टक्कर मार दी थी। विरोध करने पर कार सवार युवकों ने भतीजे व उसके मित्र को लाठी-डंडों से पीट दिया था, जिससे भतीजे की मौत हो गई थी। सूरज घायल है। आरोप है कि पुलिस ने कार सवार युवकों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं की।
इससे नाराज परिजनों ने नुमाइश पंडाल से एसएसपी चौराहा तक मार्च निकाला। सूचना पर पहुंचे सिविल लाइन इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह ने उनको रोक लिया। इस दौरान उनकी परिजनों से नोकझोंक हो गई। परिजनों का कहना है कि वह शांति पूर्वक पुलिस के खिलाफ मार्च निकाल रहे थे, इस दौरान सिविल लाइन पुलिस ने अभद्रता की। परिजनों ने एसएसपी चौराहा तक मार्च निकाला। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या मामले में जांच की जा रही है। कोविड-19 में जुलूस व मार्च निकालने की अनुमति नहीं है।