चकरनगर(इटावा)। जमीन व पैसे के लिए रिश्तेदारों ने वृद्ध की गला घोंटकर 18 दिसंबर को हत्या कर दी थी। आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को कठोरी के नगला गांव के एक पेड़ से टांग दिया था। शनिवार को भतीजे ने चकरनगर थाना में पूर्व प्रधान समेत चार लागों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी वृद्ध की गला दबाकर हत्या व मारपीट की बात सामने आई है। पुलिस चारों की तलाश कर रही है।
शनिवार को नगला कठोरी निवासी सत्य कुमार ने बताया कि ताऊ रघुवीर सिंह की जमीन, मकान परिवार के चार लोगों ने धोखाधड़ी कर अपने नाम करा लिए थे। ताऊ ने इसका कई बार विरोध किया था। आरोपित उनके साथ मारपीट भी करते थे।
आरोप है कि 18 दिसंबर की सुबह ताऊ रघुवीर सिंह को उन्हीं चारों ने बेरहमी से पीटा और गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को नगला कठोरी स्थित एक नीम के पेड़ से टांग दिया था। किसी को जानकारी दिए बिना ही उनका अंतिम संस्कार करने की तैयारी थी। तभी पुलिस ने बीच रास्ते से उनको पकड़ लिया था और शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई है।
चकरनगर प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रामचेत पुत्र दुर्जन सिंह यादव, संदेश पुत्र रामचेत, नीतू देवी पत्नी संदेश यादव व पूर्व प्रधान पुत्र पूरन सिंह यादव पुत्र पहलवान सिंह निवासी नगला कठोरी चकरनगर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।