इटावा। तापमान के अचानक घटने बढ़ने से शनिवार को मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिला। शाम को हुई हल्की बारिश ने जहां सिहरन बढ़ाई है वहीं, किसानों के माथे पर शिकन भी ला दी है।
दिन में हल्की धूप और फिर बदली की वजह से शाम करीब चार बजे के बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। सर्दी और बढ़ने के संकेत हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी देखने को मिली। लेकिन शाम को हुई हल्की बारिश से ठंड में इजाफा हो गया। हालांकि तापमान में इजाफा हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 08 डिग्री था, जो शनिवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 22 डिग्री और न्यूनतम चार डिग्री बढ़कर 12 डिग्री रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हल्की बारिश गेहूं की फसल को छोड़ आलू और तिलहनी खासकर सरसों की फसल के लिए नुकसान देय है। आलू में जहां झुलसा रोग लगने व सरसों की फसल में माहू रोग लगने की आशंका नजर आ रही है। ऐसी स्थिति में किसानों की चिंताएं बढ़ सकती हैं।
जिला कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. विजय बहादुर जायसवाल ने बताया कि आलू को रोगों से बचाने के लिए उसमें स्प्रे कर दें। इसी तरह माहू के प्रकोप से सरसों की फसल को बचाने के लिए प्रति हेक्टेयर डाईमेथोएट 30 प्रतिशत ईसी की 1.0 लीटर मात्रा 650 से 750 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें।