इकदिल। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पृथ्वीपुर रोड स्थित परमधाम में गलत तरीके से कब्जाई गई करीब छह करोड़ कीमत की लगभग 33 बीघा जमीन की शुक्रवार को डीएम श्रुति सिंह के आदेश पर कुर्की की गई। यह वही जमीन है जिसके कुछ हिस्से में माही कॉलेज स्थित है। डीएम के आदेश पर तहसीलदार सदर एन राम ने पुलिस बल के साथ जाकर कॉलेज गेट पर ताला लगाकर सील कर दिया और खेत की जमीन पर बोर्ड लगाकर नोटिस चस्पा किया।
तहसीलदार सदर एन राम ने बताया कि गैंग्स्टर एक्ट के आरोपी वेद प्रकाश त्रिपाठी पुत्र सुंदर लाल त्रिपाठी निवासी ग्राम परमधाम पृथ्वीपुरा रोड थाना इकदिल के द्वारा अपराध कार्य करके अर्जित की गई संपत्ति की कुर्की की गई है। इसमें कुल 6.62 एकड़ लगभग 33 बीघा जमीन जिसके कुछ भाग पर माही कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी स्थित है तथा कुछ भाग पर फसल और कुछ जगह खाली पड़ी है। इस संपत्ति की कीमत करीब छह करोड़ है।