इटावा। इटावा औरैया जिले को शासन ने एक राजमार्ग की सौगात दे दी है। 18 किमी लंबे मार्ग को शासन ने राजमार्ग का दर्जा दे दिया है। राजमार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने 35 करोड़ रुपये की मांग की है। धनराशि मिलते ही राजमार्ग का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। राजमार्ग बन जाने से इटावा और औरैया जिले की अजीतमल तहसील से जुड़े सैकड़ों गांवों के लोगों का जालौन, झांसी और मध्यप्रदेश के भिंड पहुंचना बहुत आसान और कम खर्चीला हो जाएगा। यहां के लोगों की इन शहरों को जाने के लिए 50 से 100 किमी तक की दूरी कम हो जाएगी।
औरैया जिले के भीखेपुर से जुहीखा जाने वाले मार्ग की चौड़ाई अभी तीन मीटर है। सिंगल रोड यह सड़क औरैया जिले को सीधे जालौन झांसी और भिंड से जोड़ती है। इतना ही नहीं इटावा जिले के लोग जालौन जाने के लिए अभी तक औरैया होकर या चकरनगर बिठौली होकर जाते हैं। चूंकि भीखेपुर कस्बा इटावा की सीमा से लगा हुआ है। इसलिए इटावा के लिए भीखेपुर होकर जालौन पहुंचना ज्यादा आसान हो जाएगा। अभी तक यह सड़क सिंगल लेन थी। अब इस राजमार्ग का दर्जा मिलने के बाद सड़क टू लेन 7 मीटर चौड़ी की जाएगी। राजमार्ग पर किसी तरह का टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा।
इस राजमार्ग का सबसे ज्यादा लाभ औरैया जिले के लोगों को मिलेगा। अजीतमल, अटसू, दिबियापुर और उससे जुड़े सैकड़ों गांव बगैर औरैया जाये इस मार्ग से जालौन के रास्ते झांसी और भिंड जा सकेंगे। जुहीखा में यमुना नदी पर बना पीपों का पुल भी नये पुल में तब्दील हो जाएगा। इस राजमार्ग से इटावा औरैया जिले मेें विकास का नया मार्ग खुलेगा।
अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग इटावा वृत्त पीके जैन ने बताया कि शासन से भीखेपुर जुहीखा मार्ग को राजमार्ग की स्वीकृति मिल चुकी है। मार्ग के निर्माण से शासन को 35 करोड़ रुपये का मांगपत्र भेजा गया है। धनराशि जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इटावा औरैया जिले के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।