इटावा। चकरनगर के सहसो थाना क्षेत्र के ग्राम जाजेपुरा में सरकारी नलकूप से फसल में पानी लगाने गए एक मूक बधिर किसान की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना बिजली विभाग एवं पुलिस को दी है।
ग्राम जाजेपुरा निवासी बालकराम पाल का 45 वर्षीय पुत्र आज्ञाराम जन्म से ही मूक बधिर था। वह खेती करता था। शनिवार को वह गेहूं की फसल में सिंचाई करने के लिए गांव के सरकारी नलकूप पर गया था। रात्रि लगभग आठ बजे अचानक बिजली आ गई। वह खंभे के पास खड़ा था। तभी अचानक खंभे में करंट आ गया। चपेट में आए आज्ञाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ लोगों को कहना है कि मृतक पशुओं से रखवाली के लिए खेतों के चारों ओर लगी तारों की बाढ़ में खंभे से कटिया डालने की कोशिश कर रहा था। उसी समय वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
ग्राम प्रधान अंजू देवी ने बताया कि किसान की दुर्घटना में मौत हुई है। कटिया डालते समय करंट लगने की चर्चा बेबुनियाद है। घटना की सूचना मिलने पर बिजली कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं, जो घटना की जांच कर रहे हैं।