सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में माइनर का पानी भर जाने से तालाब बन गया जिससे वहां पर भर्ती मरीजों के तीमारदारों तथा अन्य आने-जाने बाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
अमरसीपुर माइनर अस्पताल के बीच से निकला है। रजबहा में रात्रि करीब 12 बजे अधिक पानी आ गया। पूर्व काल से ही अस्पताल का पानी इसी रजबहा में निकलता था और उसके ओवरफ्लो होने की वजह से विश्वविद्यालय में गेट नंबर 5 से पानी प्रवेश हो गया जिससे चारों तरफ तालाब जैसा नजारा देखने को मिला। यहां पर मरीजों और तीमारदारों को निकलना भी मुश्किल पड़ रहा है। यहां तक कि विश्वविद्यालय स्टाफ भी मुश्किल से अंदर जा पा रहे हैं। विश्वविद्यालय में स्थित ऑडिटोरियम व विद्युत विभाग सब स्टेशन की तरफ पानी भरने से समस्या खड़ी हुई है। लगभग 2.5 फीट पानी भरने से कई लोगों की गाड़ी पानी में फंस गई तो कई बाइक सवार पानी में गिर कर घायल हो गए हैं।
नहर विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल अस्पताल के हालातों में कोई सुधार नहीं हो पाया है। शुक्रवार को हजारों की संख्या में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कुलसचिव सुरेश चंद शर्मा ने बताया सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया। देर शाम तक सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नहर से रजबहा में आने वाले पानी को बंद करवाया है।