बकेवर। जसवंत नगर से सवारी बनकर बैठे बदमाश ने चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर कार में रखे सबमर्सिबल पंप के 30 से 40 पीस पार कर दिए। होश में आने के बाद चालक ने थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आगरा के शहीद नगर निवासी शकील अहमद उर्फ कल्लू कार चलाता है। मंगलवार को वह आगरा के शहीद नगर राजपुर चुंगी के पास से कार में सबमर्सिबल पंप के 50 पीस लेकर कानपुर में एक व्यापारी को डिलीवरी देने जा रहा था। शकील ने बताया कि इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में स्थित सीएनजी पंप पर उसने कार में गैस भरवाई। उसी दौरान वहां से एक युवक कानपुर जाने के लिए गाड़ी में बैठ गया। उसने दो सौ रुपये किराया देने को कहा। युवक ने कार में बैठते ही उसे चाय में नशीला पदार्थ खिला दिया। पंप से करीब तीन किलोमीटर आगे जाने के बाद उसे नींद आने लगी। इस पर सवारी बनकर बैठे बदमाश ने कार चलाना शुरू कर दिया। कुछ दूर जाने के बाद उसने कार रोक दी।
बकौल शकील तब तक कार में ही सो गया। रास्ते मे बदमाश ने सबमर्सिबल पंप के 30 से 40 पीस पार कर दिए। उसके बाद कार को बकेवर क्षेत्र में स्थित अनंतराम टोल से पहले सिक्सलेन हाईवे पर एक ढाबे के पास सड़क के किनारे खड़ा कर बदमाश भाग गया। काफी देर बाद उसे होश आया। तब उसे घटना की जानकारी हुई। बकेवर थाना पुलिस का कहना है कि घटना जसवंतनगर थाना क्षेत्र की है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। कार से कितनी संख्या में सबमर्सिबल पंप गायब हुए हैं। इसके बारे में चालक जानकारी नहीं दे सका है।