बकेवर। सराय इलाही गांव में मोबाइल खरीदने के लिए 20 हजार रुपये न देने पर पिता से खफा कक्षा-6 के छात्र ने बुधवार की रात घर में फांसी लगाकर जान दे दी। बृहस्पतिवार को सुबह नींद खुलने पर परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव फंदे से नीचे उतरवाया।
सराय इलाही गांव निवासी प्राइवेट कर्मी विनोद दोहरे का इकलौता बेटा लवकुश (13) क्षेत्र के ही एक स्कूल में पढ़ता था। विनोद ने बताया कि काफी दिनों से वह स्मार्ट मोबाइल फोन खरीदने के लिए 20 हजार रुपये मांग रहा था। रुपये न होने की बात कहकर वह टाल देते थे। बकौल विनोद दो दिन पहले उन्होंने 20 हजार रुपये में बकरियां बेची थीं। यह बात लवकुश को मालूम थी। लवकुश ने मोबाइल खरीदने के लिए 20 हजार रुपये मांगे। इनकार करने पर लवकुश नाराज हो गया और बुधवार की रात खाना खाने के बाद सोने के लिए चला गया।
देर रात लवकुश ने कमरे में लगी खूंटी से रस्सी के सहारे फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। बृहस्पतिवार सुबह छोटी बेटी राजकुमारी की नींद खुली और वह कमरे में गई तो वहां लवकुश को फांसी पर लटकता देख चीख पड़ी। शोर सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी विद्या सागर सिंह ने बताया कि पिता ने मोबाइल खरीदने के लिए रुपये देने से मना कर दिया था। इससे लवकुश नाराज था। फिर भी जांच की जा रही है।