इटावा। जिले में स्थित लायन सफारी पार्क में कोरोना संक्रमित शेरनी जेनिफर व गौरी की जांच रिपोर्ट आ गई है। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर सफारी पार्क के अफसरों ने इसे जू अथॉरिटी के अफसरों को भेज दिया गया है। अफसरों की हरी झंडी मिलने के बाद इन दोनों शेरनियों को परिसर में बने अस्पताल से बाहर लाया जाएगा।
कोरोना संक्रमण काल में सफारी पार्क के 18 शेर व शेरनियों की कोरोना की जांच कराई गई थी। इनमें से शेरनी जेनिफर व गौरी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बाकी 16 की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बाद इन दोनों का इलाज कराया गया। सफारी प्रशासन ने दोनों शेरनियों की सक्रियता और उछल कूद देख दोनों शेरनियों की कोरोना जांच के लिए सैंपल भारतीय पशु चिकित्सा संस्थान बरेली भेजा था। पहले दो रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अब तीसरी और फाइनल रिपोर्ट भी दोनों शेरनियों की कोरोना निगेटिव आ गई।
सफारी पार्क के डिप्टी डायरेक्टर एके सिंह ने बताया कि भारतीय पशु चिकित्सा संस्थान से आई शेरनी गौरी व जेनिफर की कोरोना जांच रिपोर्ट को जू अथॉरिटी के अफसरों को भेज दिया गया है। वहां से आदेश मिलने के आधार पर तय होगा कि शेरनी जेनिफर व गौरी को अस्पताल से बाहर कब लाया जाएगा।