फोटो संख्या 26: बीज गोदाम के निर्माण कार्य का बटन दबाकर शिलान्यास करते कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शा?
- फोटो : ETAWAH
इटावा। जनपद में बीज उत्पादन एवं बीज प्रोसेसिंग क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने 1000 मीट्रिक टन की क्षमता वाले गोदाम का शुक्रवार को बटन दबाकर शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ 29 लाख 50 हजार की लागत से बनने वाले इस गोदाम के बनने से किसानों को अपना बीज भंडारण करने में काफी सहूलियत होगी।
मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा आने वाले समय में जनपद में दलहन, तिलहन का क्षेत्रफल बढ़ाया जाए। जिससे किसान कम लागत में अधिक पैदावार कर सकेंगे। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उनकी आमदनी भी बढ़ेगी। किसानों के केसीसी प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं। जो किसान साहूकारों से अधिक ब्याज पर ऋण लेते हैं उनको राहत मिलेगी और उन्हें केसीसी के माध्यम से आसानी से कम ब्याज पर ऋण मिल सकेगा। यहां डीएम श्रुति सिंह, एसएसपी बृजेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय वित्त विकास निगम के एमडी जितेंद्र तोमर ने परियोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
बारिश की वजह से मंत्री का दौरा स्थगित
उदी संवाद न्यूज के अनुसार शुक्रवार को जिले में हुई झमाझम बारिश की वजह से जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही का प्रस्तावित दौरा स्थगित हो गया। मंत्री को शहर में बीज गोदाम का शिलान्यास करने के बाद उदी पहुंचना था। जहां उन्हें बढ़पुरा ब्लाक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेना था। इसके बाद सीएचसी उदी में चल रहे कोरोना टीकाकरण का निरीक्षण करना था। सुबह करीब साढ़े दस बजे से शुरू हुई बारिश की वजह से ब्लाक परिसर में जलभराव हो गया। इस कारण मंत्री को कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।