जसवंतनगर। बलरई थाना क्षेत्र के फकीरे की मड़ैया गांव में बिजली का तार टूटकर सड़क पर जा रहे युवक पर गिर गया। हादसे में करंट से झुलसकर उसकी मौत हो गई। घटना से मृतक के परिवार में बच्ची के जन्म की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
फकीरे की मड़ैयां गांव में निवासी भगवान सिंह (21) किसान था। उसके पारिवारिक भाई मोहन राजपूत ने बताया कि करीब दस दिन पहले भाभी मोहिनी ने एक बच्ची को जन्म दिया था।
घर में बच्ची का जन्म होने पर पूरा परिवार खुश था। रविवार रात को भाई खेत से काम करके घर लौट रहा था। इस दौरान गांव में बिजली आपूर्ति करने वाली लाइन का तार टूट कर उस पर गिर गया।
करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद वह लोग झुलसे युवक को आगरा के जैतपुरा स्थित अस्पताल ले गए।
जहां देर रात उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि करंट की चपेट में आने से किसान की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मासूम के सिर से छिना पिता का साया
दस दिन पहले जन्मी बच्ची ने अभी ठीक से आंखें भी नहीं खोली थी कि उसके सिर से रविवार रात को पिता का साया हट गया। घर में चीत्कार मची थी और बच्ची को पता भी नहीं था।